02 May 2020 02:22 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। श्रीगंगानगर जिले के व्यक्ति के पंजाब में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद हड़कंप मच गया। यहां के चूनावढ़ थाना क्षेत्र के 7 जी निवासी यह युवक पंजाब के जालंधर में रहता है। थानाधिकारी परमेश्वर सुथार के अनुसार उसके बच्चे 7 जी गांव स्थित अपने दादा-दादी के पास आए हुए थे। वह 26 अप्रेल को पंजाब से परमिशन लेकर 7 जी पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह दो बजे आया और चार बजे वापिस बच्चों को लेकर पंजाब निकल गया। अब जब वह पंजाब में कोरोना पॉजिटिव पाया गया तो उसकी ट्रेवल हिस्ट्री के अनुसार पंजाब से सूचना आई। सूचना पर थानाधिकारी परमेश्वर सुथार मय जाब्ते 7 जी गांव पहुंचे तथा गांव को सील कर दिया। वहीं पॉजिटिव के माता-पिता को श्रीगंगानगर के सिविल अस्पताल में आइसोलेट करते हुए सैंपल जांच के लिए बीकानेर मेडिकल कॉलेज भेजे गए हैं। हालांकि यह अभी कहा नहीं जा सकता कि उसे कोरोना संक्रमण पहले से था अथवा चूनावढ़ से जाने के बाद हुआ। ऐसे में अब तक जीरो कोरोना वाले श्रीगंगानगर में एकबारगी खलबली मची हुई है। बता दें कि राजस्थान के 29 जिले कोरोना पॉजिटिव है। वहीं बीकानेर संभाग व आस-पास के जिलों में सिर्फ श्रीगंगानगर ही कोरोना से अछूता रहा, लेकिन अब रिपोर्ट के इंतज़ार में बेचैन है। बताया जा रहा है कि पॉजिटिव के माता-पिता की रिपोर्ट रविवार तक आएगी।
RELATED ARTICLES
26 October 2026 03:06 PM
31 October 2022 12:20 PM