28 September 2022 01:03 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। इस वक्त की बड़ी ख़बर यह है कि बीकानेर पुलिस ने मात्र दो घंटों में करीब दो करोड़ की ज्वैलरी लूट ले जाने वाले डकैतों को धर दबोचा है। सूचना के अनुसार पांच डकैतों को नापासर थाना के मूंडसर की रोही से दबोचा गया है। वहीं लूटा हुआ माल भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक ज्वैलरी का पार्सल मिलन ट्रैवल्स की बस में बीकानेर आया था। पार्सल के मालिक ने पार्सल प्राप्त किया तथा वैगनार गाड़ी में लौटने लगा। उसी वक्त पांच बदमाशों ने कार रोककर हमला बोल दिया। कार के शीशे तोड़ दिए। डकैत पार्सल लेकर फरार हो गए। एसपी योगेश यादव व एएसपी अमित कुमार बुडानिया के निर्देशन में डीएसटी प्रभारी मनोज शर्मा मय टीम, सदर थानाधिकारी विकास विश्नोई मय टीम व जसरासर थानाधिकारी देवीलाल सहारण मय टीम ने मात्र दो घंटों में ही पांचों डकैतों को काबू में लिया। पुलिस ने अति त्वरित गति से कार्रवाई करते हुए करीब पचास किलोमीटर तक डकैतों का पीछा किया।
ख़बर लिखने तक माल की वैल्यू निकाली जा रही थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दो करोड़ अथवा अधिक की कीमत का माल था। आरोपियों के नाम अभी उजागर नहीं किए गए हैं। हालांकि तोलाराम सियाग पुत्र चेतनराम इस गैंग का सरगना बताया जा रहा है। पूछताछ जारी है।
RELATED ARTICLES
18 October 2026 09:12 PM
02 December 2022 10:01 AM