22 May 2022 11:21 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। मौत का ब्याज माफिया के चंगुल में फंसे एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। मामला नयाशहर थाना क्षेत्र की रामपुरा बस्ती का बताया जा रहा है। दरअसल, 15 मई की शाम गली नंबर दो निवासी मोहम्मद अली उर्फ बंटी ने फांसी लगाकर जान दे दी। अब परिजनों का आरोप है कि मोहम्मद अली को ब्याज माफियाओं ने आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया। इसलिए उसने आत्महत्या कर ली।
आरोप है कि अली ने बुलाकी गैरसरिया व उसकी बहन मुन्नी से करीब आठ माह पहले दस हजार रूपए उधार लिए थे। आरोपियों ने 30 रूपए सैकड़ा ब्याज लगने की बात कही। अली ने करीब 7-8 माह में 10 हजार के 55 हजार रूपए चुका दिए, इसके बावजूद एक लाख रूपए और मांगे जा रहे थे। इसी से परेशान होकर उसने जान दे दी।
मृतक के भाई का कहना है कि जान देने से दो दिन पहले अली ने उसे सारी बात बताई थी। वह खूब रोया भी था। आरोप है कि आरोपियों ने कोरे कागज पर हस्ताक्षर करवाए। बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।
यह भी आरोप है कि शनिवार को पुलिस द्वारा अपनी मर्जी से ही अली को मानसिक रूप से परेशान बताते हुए मर्ग दर्ज करने का प्रयास किया गया। जबकि वह प्रताड़ित था। आरोपियों ने उसे मरने को मजबूर कर दिया। परिजनों ने देर शाम नयाशहर थाने में नामजद मुकदमा दर्ज करने हेतु परिवाद दिया है।
उल्लेखनीय है कि मौत का ब्याज माफियाओं ने पूरे बीकानेर जिले में अपने पैर फैला रखे हैं। नगरीय क्षेत्र में भी हजारों परिवार इन माफियाओं की चपेट में आकर बर्बाद हो चुके हैं। इनसे ब्याज पर पैसे लेने वाला कभी आबाद नहीं होता बल्कि घर और जमीनें तक बिक जाती है। इन्हीं माफियाओं से प्रताड़ित व्यक्ति तस्करी, जुआ व सट्टा सहित विभिन्न अपराधों को ओर बढ़ जाता है।
RELATED ARTICLES
10 September 2026 04:56 PM