26 February 2025 11:44 AM


ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। करीब चार साल से फरार डोडा तस्कर को नोखा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बुधारों की ढ़ाणी, केड़ली, नोखा थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय हरिकृष्ण उर्फ मांगी लाल पुत्र सहीराम जाट के रूप में हुई है। श्रीगंगानगर की लालगढ़ जाटान थाना पुलिस ने मार्च 2021 में डोडा पकड़ा था। इसी मामले में हरिकृष्ण आरोपी था। उसके खिलाफ 21 मार्च 2021 को एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा हुआ। तब से श्रीगंगानगर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी मगर वह हाथ नहीं लगा।
थानाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि 10 अक्टूबर 2024 को श्रीगंगानगर एसपी ने हरिकृष्ण पर 15 हजार रुपए का ईनाम भी घोषित किया। कुछ माह पहले आईजी ओमप्रकाश पासवान की टीम ने उसे ट्रेस आउट करने के प्रयास शुरू किए। आईजी ऑफिस के हैड कांस्टेबल विमलेश बिजारणियां ने एक माह पहले नोखा थानाधिकारी अमित कुमार को तकनीकी इनपुट दिए। अमित कुमार मय टीम एक माह से आरोपी को पकड़ने के प्रयास कर रही थी। आख़िर आरोपी पकड़ में आ गया। बताया जा रहा है कि हरिकृष्ण ने फरारी अपने गांव के खेतों में ही काटी। उसने चालाकी दिखाते हुए इतने समय से फोन ही उपयोग में नहीं लिया। वह अधिकतर खेतों से बाहर ही नहीं जाता था। इस दौरान वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ ही रहा। बता दें कि हरिकृष्ण को पकड़ने में पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी। आरोपी को अब लालगढ़ जाटान पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
आईजी ओमप्रकाश पासवान व एसपी कावेंद्र सिंह के निर्देशन तथा एएसपी ग्रामीण कैलाश सिंह सांदू व सीओ नोखा हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में कार्रवाई करने वाली थानाधिकारी अमित कुमार की टीम में कांस्टेबल रामेश्वर लाल 467, रामेश्वर लाल 985 व पेमाराम 2171 शामिल थे।
RELATED ARTICLES
18 February 2026 10:17 PM
06 March 2021 12:33 PM
