04 January 2022 01:06 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। दो पक्षों के विवाद ने बीकानेर की शांति में खलल पैदा कर दिया है। बीती शाम से गर्माया माहौल सुबह उपद्रवी भीड़ के रूप में सामने आया। तेजकरण गहलोत पर हुई फायरिंग व तलवार अटैक के बाद से लोग आक्रोशित हैं। सुबह सुबह पुलिस ने शहर भर में वाहन मय फ्लैग मार्च किया। नौ बजते ही कोटगेट छावनी में तब्दील होने लगा। भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। कोटगेट के दोनों तरफ सैकड़ों की भीड़ इकट्ठी हो गई। बाजार खुलने नहीं दिया गया। नारेबाजी हुई। बीडी कल्ला से लेकर पाकिस्तान व चीन के खिलाफ नारे गूंज उठे।
यूं बढ़ा तनाव:- दाऊजी रोड़ कसाइयों की बारी क्षेत्र में दुकानें बंद करवाने गए प्रदर्शनकारियों व कसाईबारी क्षेत्र के निवासियों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों की ओर से पत्थरबाज़ी हुई। पुलिस पर भी पत्थरबाजी हुई। हालांकि पहले पत्थर किसने फेंके, इसकी पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद कोटगेट पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया। लाठीचार्ज के बाद भीड़ तितर-बितर हो गई।
सीओ सिटी दीपचंद सहारण ने बताया कि अब हालात नियंत्रण में हैं। चारों तरफ पुलिस बल तैनात हैं। जरूरत पड़ी तो प्रशासन कर्फ्यू आदेश भी कर सकता है। ख़बर लिखने तक कोर्ट परिसर में ज्ञापन हेतु भीड़ इकट्ठा होने लगी थी।
गिरफ्तारी की मांग मगर पुलिस के हाथ खाली: हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दबाव बनाया जा रहा है, मगर पुलिस के हाथ अब तक खाली है। सीओ सिटी दीपचंद सहारण ने कहा कि पुलिस को समय ही नहीं दिया जा रहा। हालांकि कुछ लोगों को राउंड अप कर पूछताछ की गई है। घटना के बाद से ही पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को संभालने में लगे हैं। टीमें लगातार प्रयास कर रही है। जल्द ही सफलता मिलेगी।



RELATED ARTICLES
01 February 2026 10:16 PM
