29 April 2022 11:49 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। कोर्ट परिसर से मोटरसाइकिल चोरी के मामले में 23 दिनों बाद भी कोई प्रगति ना होने से नाराज़ एक युवक ने एसपी योगेश यादव व आईजी ओमप्रकाश को जांच अधिकारी के खिलाफ शिकायत दी है। मामला सदर थाना क्षेत्र से जुड़ा है। दरअसल, रामपुरा निवासी धन्नाराम 5 अप्रेल को नई कोर्ट परिसर में नकल शाखा के बाहर मोटरसाइकिल पार्क कर अंदर अपने कार्यस्थल गया था। वापिस लौटा तो उसकी मोटरसाइकिल ही गायब थी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता चला कि दो अज्ञात युवक किसी अन्य का वाहन चुराने की फिराक में थे। तभी अचानक उस वाहन का मालिक आ गया। इसके बाद चोरों ने उसकी जगह धन्नाराम की बाइक चुरा ली।
धन्नाराम ने सदर थाने में अज्ञात वाहन चोरों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज करवाया। मामले की जांच हैड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार 196 को दी गई। परिवादी का आरोप है कि सुरेंद्र चोरों का पता लगाने का प्रयास ही नहीं कर रहा है। पब्लिक पार्क वाले सीसीटीवी फुटेज भी अभी तक नहीं लिए गए हैं। परिवादी उसके पास जाता है तो वह उल्टा जवाब देते हुए कहता है कि 'चोर आपको मिल जाए तो बता देना, हम मोटरसाइकिल बरामद कर लेंगे।
परिवादी ने आईजी को दिए परिवाद में लिखा है कि "साहब किसी एप्रोच वाले वीआईपी का वाहन चोरी होता है तो पुलिस कुछ ही घंटों अथवा एक दो दिन में ही चोर व वाहन दोनों की तलाश कर लेती है, मगर बिना एप्रोच वाले गरीब का वाहन सालों तक भी नहीं मिलता। साहब मेरी एकमात्र एप्रोच आप हैं, अब आप पर ही भरोसा है"। एडवोकेट अनिल सोनी ने बताया कि एसपी व आईजी बीकानेर से जांच अधिकारी बदलने की मांग करते हुए किसी एक्सपर्ट को जांच देने की अपील की गई है। सोनी के अनुसार हैड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार का चोरी के मामलों की जांच में कोई विशेष रिकॉर्ड भी नहीं है।
RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
09 March 2022 09:08 PM