22 September 2024 10:28 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। भीनासर निवासी मोहन कुम्हार को गोली मारने का आरोपी सुजानदेसर निवासी रेवंत कुम्हार फरार है। गंगाशहर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घायल मोहन के पर्चा बयान पर पुलिस ने रेवंत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि मोहन और रेवंत दोनों ही बाइक चोर हैं। दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड है। दोनों मामा-बुआ के बेटे हैं। आरोपी रेवंत, परिवादी मोहन की बुआ का लड़का है। दोनों एक साथ चोरी की वारदातें करते हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक बीती रात वारदात होने से पहले दोनों के बीच फोन पर विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी रेवंत अपने मामा के बेटे मोहन के पास गया। मोहन का घर भीनासर नखतबना के मंदिर के पास है। यहीं स्थित खेल मैदान में दोनों मिले। मोहन ने पुलिस को बताया है कि यहां रेवंत ने उस पर 3-4 गोलियां चलाई। पहली गोली चूक गई। इसके बाद मोहन ने रेवंत को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। नीचे गिरने के बाद रेवंत ने मोहन पर 2-3 गोलियां और चलाई। जिसमें से एक गोली मोहन के सीने के साइड में लग गई।
पुलिस के अनुसार गोली मोहन की पसलियों में फंस गई, जिसे ऑपरेशन कर निकाला जाएगा।
शनिवार की रात को आखिर ऐसा क्या हुआ था कि रेवंत ने अपने ही मामा के बेटे पर गोली चला दी, यह जांच का विषय है। हालांकि आशंका है कि विवाद चोरी से कमाए माल के हिसाब किताब अथवा बंटवारे को लेकर हुआ। रेवंत के मिलने पर ही वारदात के पीछे के रहस्य उजागर होंगे। रेवंत फरार है, उसका फोन बंद है। ख़ास बात यह है कि पुलिस को घटनास्थल से गोलियों के खोल भी नहीं मिले हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच व आरोपी की तलाश कर रही है।
RELATED ARTICLES
23 September 2026 11:43 PM
27 December 2022 10:27 PM