29 July 2021 03:59 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। गंगाशहर के पार्षद पति की मौत के मामले में नगर निगम के अस्सी वार्डों के पार्षदों सहित 12 मनोनीत पार्षद लामबंद हो गए हैं। आज महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित के नेतृत्व में सभी पार्षदों ने कलेक्टर नमित मेहता व एसपी प्रीति चंद्रा को ज्ञापन दिया। इस दौरान सभी पार्षद राजनीति से ऊपर उठकर एक दिखे। मघाराम भाटी की असामयिक मृत्यु का कारण बिजली कंपनी को बताया गया। पार्षदों ने कंपनी के दोषी अधिकारियों की गिरफ्तारी, आश्रित पुत्र को नौकरी व उचित मुआवजे की मांग की है। महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित ने कहा कि बीकेईएसएल कंपनी की लापरवाही से लगातार दुखद घटनाएं हो रही हैं। मघाराम भाटी की मौत भी इसी लापरवाही का नतीजा है।
बता दें कि दो दिन पूर्व गंगाशहर के वार्ड नंबर 5 से कांग्रेस पार्षद कुसुम भाटी के पति व प्रतिनिधि मघाराम भाटी की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। घटना उदयरामसर क्षेत्र में स्थित उनके रिसोर्ट में आधी रात बाद हुई। आरोप है कि बिजली को फॉल्ट की कई बार शिकायत की गई थी। शिकायत के बावजूद बिजली कंपनी ने फॉल्ट दुरुस्त नहीं किए। इसी वजह से पार्षद पति की मौत हो गई। गंगाशहर थाने में बिजली कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करवाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM