25 April 2022 08:44 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर नगरीय क्षेत्र में अब पानी टैंकर सप्लायरों की दादागिरी नहीं चलेगी। गर्मी व नहरबंदी से पैदा हुए दोहरे जल संकट से निपटने के लिए प्रशासन ने प्राइवेट टैंकरों की दरें निर्धारित कर दी है। अब पानी टैंकर सप्लायर निर्धारित दरों से अधिक राशि नहीं वसूल सकेंगे।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता बलवीर सिंह ने बताया कि बीकानेर नगरीय क्षेत्र में कहीं भी पांच किलोमीटर की दूरी तक प्रति हजार लीटर पानी की दर 99 रूपए रहेगी। वहीं दूरी बढ़ने पर 20 रूपए किलोमीटर प्रति हजार लीटर पर अतिरिक्त भुगतान करना होगा। कोई भी प्राइवेट टैंकर निर्धारित दरों से अधिक नहीं वसूल पाएगा। नियमों की अवहेलना करने वाले प्राइवेट टैंकर सप्लायर के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अगर कोई टैंकर सप्लायर प्रशासन द्वारा निर्धारित राशि से अधिक वसूलता है तो आप उसकी शिकायत जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय के दूरभाष नंबर 0151-2970048 तथा जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के नियंत्रण कक्ष 0151-2226454 पर कर सकते हैं। यह दरें गर्मी के मौसम तक प्रभावी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि पानी के प्राइवेट टैंकर सप्लायरों की गर्मी के मौसम में चांदी हो जाती है। जल जैसी अति आवश्यक वस्तु की कालाबाजारी कर आमजन का शोषण किया जाता है। अगर कोई टैंकर सप्लायर आपकी प्यास की मजबूरी का फायदा उठाकर उपरोक्त निर्धारित दरों से अधिक पैसे मांगता है तो आप हमें शिकायत करें। ऐसे माफियाओं की रिकॉर्डिंग करें तथा हमें भेज दें। हम आपकी पीड़ा की आवाज बनेंगे। ख़बरमंडी न्यूज़ (9549987499)।
RELATED ARTICLES
29 October 2026 10:28 PM
04 October 2020 08:09 PM