09 February 2023 10:46 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। युवाओं को बुराई की लत लगा रहे हुक्काबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बीती रात हुई इस कार्रवाई में हुक्काबार को बड़ा फटका लगा है। मामला जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र का है। यहां चल रहे रहे जलसा नाम के हुक्काबार में रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध रूप से हुक्काबार चलाया जा रहा था। एसपी योगेश यादव के निर्देश व एएसपी अमित कुमार के निर्देशन में सीओ सदर शालिनी बजाज मय पुलिस टीम ने जलसा में रेड की। मौके से 17 हुक्के व 120 नग मादक पेय पदार्थ मिले। पुलिस ने मौके से हुक्काबार के मैनेजर श्रवण कुमार पुत्र नोपाराम जाट को गिरफ्तार कर लिया। वहीं बरामद हुक्के व मादक पेय जब्त कर लिए।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक एक हुक्का करीब 8-10 हजार रूपए में आता है। ऐसे में जलसा को करीब डेढ़ लाख रूपए से अधिक का फटका लगा है। पुलिस ने जलसा के मालिक राहुल सिंधी व मैनेजर के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि युवा पीढ़ी फ्लेवर्ड हुक्का पीने की ओर अत्यधिक आकर्षित हो रही है। ये हुक्का पीने वालों को अपना आदी बना देता है। ऐसे में इस नशे पर हर माह बड़ा खर्चा करना पड़ता है, यहीं से पैसे का अभाव पैदा होता है जो युवाओं को अपराध करने के लिए मजबूर करता है।
बता दें कि हुक्काबार में नाबालिग बालक बालिकाएं भी पहुंचते हैं। स्कूल में पढ़ने वाले छात्र छात्राओं में भी नासमझी की वजह से हुक्के के प्रति क्रेज बढ़ा है। सूत्रों का कहना है कि ये हुक्का बार चोरी छिपे गांजा मिला हुक्का भी पिलाते हैं। उल्लेखनीय है कि एएसपी अमित कुमार लगातार अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए एक्शन ले रहे हैं। जलसा पर कार्रवाई करने वाली टीम में प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार, एएसआई ओमप्रकाश सीगड़, हैड कांस्टेबल रोहिताश भारी, हरफूल, भंवरलाल आदि शामिल थे।
RELATED ARTICLES
23 February 2023 05:43 PM