03 May 2020 03:08 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। शादी में पचास लोगों की परमिशन की सूचना प्रशासन के लिए जी का जंजाल बन गई है। बीकानेर में भी बहुत सारे लोगों ने अब तक शादी रद्द नहीं की थी। वहीं अब पचास लोगों की परमिशन की सूचना से शादी करने का इरादा और भी मजबूत हो गया है। आमजन में पचास लोगों की परमिशन को लेकर विरोध भी सामने आ रहा है। ख़बरमंडी न्यूज़ ने कलेक्टर कुमार पाल गौतम से इस बारे जानकारी चाही, तो पता चला कि बीकानेर में पचास लोगों की परमिशन कतई नहीं दी जाएगी। कोरोना से जीवन बचाने की इस जंग को कमजोर होने से बचाने के लिए यह जरूरी भी है कि इतने लोगों को परमिशन न दी जाए। कलेक्टर ने अपील की है कि आमजन इस वक्त को समझते हुए शादी को कुछ समय के लिए रद्द करें। कलेक्टर गौतम ने कहा कि उनके लिए आमजन की ज़िंदगी महत्त्वपूर्ण है, ऐसे में शादी की परमिशन देकर आमजन के जीवन को खतरे में नहीं डाला जाएगा। हालांकि कलेक्टर ने अतिआवश्यक मामलों में दुल्हा-दुल्हन-पंडित सहित पांच लोगों को परमिशन देने की बात भी कही है। उल्लेखनीय है कि किसी शादी में पचास लोग एक साथ होंगे, तो सुरक्षा ताक पर रखी जाने की संभावना भी पूरी है। ऐसे में कोरोना संक्रमण फैलने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ख़बरमंडी न्यूज़ आमजन से अपील करता है कि शादी कुछ समय के लिए रद्द करें क्योंकि जीवन जरूरी है।
RELATED ARTICLES
29 October 2026 10:28 PM
29 September 2026 01:00 PM