30 April 2020 09:14 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। पिता की अपील पर ससुराल से बेटी को छुड़ाकर लाई गंगाशहर पुलिस को एक और परिवाद दिया गया है। अब विवाहिता के पिता ने बेटी के अपहरण सहित जान से मारने की नीयत से हमला करने के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की अपील की है। बता दें कि लालमदेसर मगरा निवासी मोहनलाल सुथार ने दोपहर में कलेक्टर, एसडीएम व एसपी के नाम ज्ञापन देते हुए आरोप लगाया था कि उसकी बेटी को भीनासर निवासी ससुराल वालों ने बंधक बना रखा है तथा ना तो उसे बेटी से मिलने दिया जाता है और ना ही फोन पर बात करने दी जाती है। ख़बरमंडी ने इस आशय की न्यूज़ लगाई तो तुरंत एक्शन हुआ और पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस विवाहिता को छुड़ाकर थाने लाई व उसके पिता के साथ लालमदेसर जाने के लिए भेज दिया। थाने से कुछ दूर पर ही महावीर चौक पर आरोपी ससुराल पक्ष के लोग गाड़ी में आए और पीड़ित पक्ष की गाड़ी को टक्कर मारी। आरोप है कि आरोपियों द्वारा पीड़ित पिता की धुनाई की जाने लगी जिस पर लोगों ने बीच बचाव किया। इसी बीच पुलिस जीप भी मौके पर पहुंच गई और आरोपियों की जीप जब्त करते हुए विवाहिता के पति कन्हैयालाल व ससुर रामेश्वर को लॉक अप में बंद कर दिया। अब इसी मामले में अपहरण व हमले का परिवाद दिया गया है। वहीं विवाहिता का कहना है कि उसे तीन अप्रेल से लगातार कमरे में बंद रखा जा रहा है। वहीं उसके साथ चालाकी पूर्वक मारपीट की जाती है ताकि अंदर ही अंदर चोट आए। विवाहिता ने पति व ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पीड़िता की बड़ी बहन को भी धमकाकर बीच बचाव न करने की हिदायत देने का आरोप है।
RELATED ARTICLES
29 October 2026 10:28 PM
21 March 2024 07:33 PM